नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिमी मानसून गुरुवार को दक्षिणी कोंकण, गोवा और
कर्नाटक के अधिकतर भागों की ओर बढ़ गया है, जिससे अगले हफ्ते की शुरुआत में
इसके और मजबूत होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी तट के अधिकतर भागों और दक्षिणी
प्रायद्वीप के अंदरूनी भागों में बुधवार से अच्छी बारिश हो रही है और अगले
दो दिन तक इसके जारी रहने का अनुमान है। अनुमान है कि महाराष्ट्र के कुछ
भागों, उत्तरी कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश की ओर मानसून के बढ़ने की अच्छी
संभावनाएं हैं।
भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण दक्षिण पश्चिमी मानसून 31
मई को केरल पहुंच गया था लेकिन उसी समय आए शक्तिशाली चक्रवात फेत के कारण
इसमें कुछ रुकावट आ गई थी।
बहरहाल, वैज्ञानिकों ने कहा है कि मानसून के आने की सामान्य तिथि का
जून से सितंबर के बीच मुख्य क्षेत्रों में होने वाली वर्षा की मात्रा से
कोई लेना देना नहीं होता।
सर्वविदित है कि भारतीय कृषि मानसून की बारिश पर निर्भर करती है। पिछले
साल मानसून की असफलता की वजह से देश के कई इलाकों में सूखा रहा, जिससे
खाद्यान्न उत्पादन काफी गिर गया था।