रांची। राज्यपाल एमओएच फारूक ने मंगलवार को
खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान बीपीएल सूची की विसंगतियों को
दूर करने के लिए एकबार फिर से जांच प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
विभाग को पंद्रह दिनों के भीतर यह कार्य संपन्न करने को कहा गया। राज्यपाल
ने नई बीपीएल सूची पर आश्चर्य व्यक्त किया। कहा, कैसे बोकारो की बीपीएल
सूची में 167.45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज कर ली गई, जबकि कोडरमा में महज
3.48 फीसदी की वृद्धि हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि दो जिलों में इतना अंतर
कैसे संभव है?
राज्यपाल ने अधिकारियों को चेताया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबों
को हर हाल में समय पर अनाज मिलना चाहिए। अनाज उन तक कैसे पहुंचेगा यह आपकी
जिम्मेदारी है। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने
जन वितरण प्रणाली को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने व खाद्य आपूर्ति विभाग में
पदाधिकारियों की कमी दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव डा.
अशोक कुमार सिंह, विकास आयुक्त एसके चौधरी, प्रधान सचिव वित्त राजबाला
वर्मा, ग्रामीण विकास सचिव एसके सत्पथी, पथ निर्माण सचिव एनएन सिन्हा,
राज्यपाल के प्रधान सचिव सुधीर त्रिपाठी आदि मौजूद थे।