पटना महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी
योजना (मनरेगा) और जिला विकास अभिकरण में अनुबंध पर कार्यरत कर्मियों ने
अपने संगठन के आह्वान पर मंगलवार को राजधानी का चक्का जाम करने की कोशिश
की। पांच घटे तक डाकबंगला चौराहे की नाकेबंदी कर यातायात ठप कर दिया था।
पैदल आने-जाने वालों को भी नहीं बख्शा गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं को भी
नहीं छोड़ रहे थे। मनरेगा कर्मियों ने पुलिस वालों पर भी जमकर पथराव किया
जिसमें थानेदार समेत दस पुलिस वाले जख्मी हो गये हैं। अंत में पुलिस
कर्मियों ने भी प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठियां चटकाईं। पांच घंटे तक
डाकबंगला चौराहा पूरी तरह ठप रहा।
अनुबंध को स्थायी सेवा में तब्दील करने, वरीय अधिकारियों के तानाशाह
रवैये के खिलाफ मनरेगा कर्मचारियों ने मंगलवार की दोपहर लगभग पांच घंटें
तक डाकबंगला चौराहे को अपने कब्जे में रखा। उन्होंने दोपहर से ही उग्र रुप
अपना रखा था। शुरू में तो पुलिस काफी देर तक शांत रही और मान-मनौव्वल से
जाम हटाने की कोशिश की। पुलिस को नरम पड़ते देख प्रदर्शनकारियों का हौसला
बढ़ गया और आने-जाने वालों के साथ मारपीट करने लगे। यहां तक कि महिलाओं को
नहीं बख्शा। जब पुलिस वालों ने विरोध किया तो लोगों ने पथराव करना शुरू कर
दिया। शाम होते-होते पुलिस वालों ने भी धैर्य खो दिया और वज्र वाहन से भीड़
को खदेड़ना शुरू कर दिया। पानी के फव्वारे छोड़े गये। प्रदर्शनकारियों के
पथराव से थानाध्यक्ष अनोज कुमार समेत दस पुलिसकर्मी जख्मी हो गये। इसके
बाद पुलिस भी बेकाबू हो गई और जमकर लाठियां भांजी। लाठीचार्ज के दौरान कई
प्रदर्शनकारी भी घायल हो गये। पुलिस ने भी उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस
क्रम में पुलिस ने मनरेगा कर्मी महासंघ के आनंद कुमार मिश्र, मनोज कुमार,
निरंजन कुमार, हरेकृष्णा एवं संजीव कुमार को गिरफ्तार कर थाने ले आई है।
मनरेगा और डीआरडीए के अनुबंध पर कार्यरत कर्मियों ने अपनी सेवा स्थायी
करने, सरकारी सेवकों की तरह वेतन बढ़ोतरी मांग तथा मामूली गलती पर वरीय
अधिकारियों द्वारा अनुबंध समाप्त करने के विरोध में डाकबंगला चौराहा पर
प्रदर्शन किया। दोपहर से ही डाकबंगला जाम होने के कारण यातायात व्यवस्था
चरमरा कर रह गई। जंक्शन पर उतरने वाले यात्रियों को भी काफी परेशानी का
सामना करना पड़ा। काफी दूर तक उन्हें सामान ढोकर पैदल ही जाना पड़ा। कहीं
कोई रिक्शा अथवा आटो नहीं चल रही थी। जिला प्रशासन ने डाकबंगला चौराहा जाम
होने के कारण तत्काल गांधी मैदान, पटना जंक्शन और बेली रोड की ओर जाने
वाले वाहनों का रूट बदल दिया। आयकर गोलंबर के आगे विद्यापति मार्ग से
गांधी मैदान का रूट कर दिया गया। फ्रेजर रोड के रास्ते बंद कर एक्जीविशन
रोड की ओर मोड़ दिया गया। इसी तरह पटना जंक्शन से गांधी मैदान के लिए
चिरैयाटांड़ की ओर से रास्ता दिया गया। कंकड़बाग से बेली रोड जाने के लिए
स्टेशन रोड, जीपीओ की ओर रास्ता दिया गया।