कोलकाता। धान का बीज महंगा होने से राज्य
में किसानों की परेशानियां बढ़ गयी हैं। आमन धान की खेती का सीजन करीब है।
ऐसे वक्त में उच्च किस्म के धान के बीज की कीमत बढ़ने से किसान चिंतित है।
राज्य में मुख्यतया जिला बीज निगम, राज्य बीज निगम आदि धान बीज की
आपूर्ति करते हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष उन्नत किस्म के धान बीज
का दाम ज्यादा है। किसानों का कहना है कि इससे उनकी खेती की लागत बढ़
जायेगी। बाजार में फिलहाल सामान्य किस्म के चावल 18 से 20 रुपये किलो बिक
रहे हैं जबकि बेहतर क्वालिटी के चावल का दाम 25 से 30 रुपये किलो है। जल
के अभाव में बोरो धान की खेती वैसे ही प्रभावित हुई है। गर्मी से जलस्तर
लगातार घट रहा है। इससे पुरुलिया, बाकुंड़ा व वीरभूम आदि जिलों में किसानों
को सिंचाई में काफी परेशानी हो रही है। किसानों का कहना है कि जल के अभाव
में आमन धान की खेती भी प्रभावित होने की आशंका है। गर्मी बढ़ने से जिलों
में लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है। इससे विद्युत विकास निगम की
परेशानियां बढ़ गयी हैं। माना जा रहा है कि बोरो व आमन धान की खेती
प्रभावित होने से इसका राज्य के कुल चावल उत्पादन पर असर पड़ेगा। फलस्वरूप
चावल के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है।
इधर कृषि विभाग सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार सब्सिडी के जरिये
किसानों को कम दाम में धान का बीज मुहैया कराने का प्रयास कर रही है। इससे
किसानों को कुछ हद तक सहूलियत मिलेगी।