लुधियाना, जागरण संवाददाता। चार दिन पहले
गायब हुए दो दोस्तों में से एक तो शुक्रवार की सुबह घर पहुंच गया, जबकि
उसके दोस्त को पुलिस की सहायता से परिजनों ने जीरा के एक किसान के चगुंल
से छुड़ाया। मामला पंजाब में लुधियाना जिले की है।
दूसरे प्रदेश के एक व्यक्ति ने दोनों को बारह सौ रुपये में जीरा के
किसान को बेच दिया था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर पहुंचे रोशन ने
बताया कि वह व उसका दोस्त राजेश कुमार आठवीं का परीक्षा परिणाम देखने गए
थे। उसमें फेल होने के बाद वे धार्मिक कार्यक्रम देखने चले गए थे। वहां
उन्हें एक दूसरे प्रदेश का व्यक्ति मिला, जिसने उनको काम पर लगाने की
पेशकश की। इस पर दोनों दोस्त मान गए। वह व्यक्ति उनको जीरा के किसान के
पास ले गया। वह किसान से इसके बदले में 1200 रुपये लेकर चला गया।
रोशन ने आगे बताया कि वहां उनसे खेतों में काम करवाया जाता था। उन्हें
कहीं नहीं जाने दिया जाता था। उन्होंने भागने की कोशिश की, पर विफल रहे।
गुरुवार सुबह रोशन शौच के बहाने भाग निकला। बस का किराया न होने के चलते
ट्रैक्टर-ट्रालियों आदि के जरिए लुधियाना पहुंचा।
इसके बाद दोनों बच्चों के परिजनों ने जीरा जाकर पुलिस की सहायता से राजेश को छुड़ाया। वे देर रात वापस लौटे।