लखनऊ। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रदेश के खनिज विभाग द्वारा किए गए खनन के दौरान यूरेनियम के भंडार मिलने के उम्मीद जगी है।
भूतत्व एवं खनिक मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने बताया कि झांसी जिले के
खजराहा बुजुर्ग गांव की कार्बोनेटाइट चट्टानों में पहली बार रेयर अर्थ
एलीमेंट्स [आरईई] पाया गया है। उन्होंने बताया कि आरईई में महत्वपूर्ण 17
तत्वों का समूह होता है, जिसमें यूरेनियम की मात्रा 27 ग्राम प्रति टन तक
आंकी गई है।
कुशवाहा ने बताया कि आरईई देश के केवल तीन राज्यों गुजरात, तमिलनाडु
एवं आंध्रप्रदेश में पाया जाता है। इन तत्वों का पूरे विश्व में उपयोग
बहुतायत में होता है। उन्होंने बताया कि आरईई तत्वों में लेंथिनम, सीरियम,
समेरियम एवं नियोडियम प्रमुख तत्व है। इनका विशेषकर उपयोग आटो मोबाइल
पार्टस, रडार, लेजरबीम, कंप्यूटर हार्ड डिस्क एवं पेट्रोलियम रिफाइनरी में
किया जाता है। कुशवाहा ने बताया कि विश्व के 95 फीसदी आरईई का उत्पादन चीन
द्वारा किया जाता है। प्रदेश में इन महत्वपूर्ण तत्वों का मिलना अत्यन्त
महत्वपूर्ण है।