पटना आग उगलते सूरज से कहर बनकर निकलती
गर्मी ने बैसाख में ही जेठ को फेल कर दिया है। सोमवार को भी पारा भी 42.6
डिग्री सेल्सियस पार कर गया। वातावरण से नमी भी गायब है। हालत यह है कि न
घर में चैन मिल रहा है, न बाहर।
सुबह से ही तीखी हो रही धूप
इन दिनों सुबह आठ बजे से ही सूरज आग उगल रहा है। दस बजते-बजते धूप इतनी
तीखी हो जा रही है कि लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो जा रहा है। सुबह
में ही गर्मी 30 डिग्री पार कर जा रही है।
नमी नदारद, जल रहा बदन
एक ओर सूरज आग उगल रहा है, वहीं हवा को पानी नहीं मिल रहा है। शहर के
अधिकांश ताल-तलैया भरे जा चुके हैं। राजधानी में 27 तालाब हैं, जिनमें से
अधिकांश में पानी नहीं है। आज हवा में नमी केवल 12 प्रतिशत ही रही। इससे
लोगों का बदन जल रहा है।
पारा 42.6 पार, और बढ़ेगी गर्मी
सोमवार को राजधानी का पारा 42.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह
सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल
तापमान में कमी की उम्मीद नहीं है। इसमें और वृद्धि ही होगी।
बढ़ी मौसमी फलों की मांग
भीषण गर्मी के कारण आज भी दोपहर में सड़कें वीरान हो गयीं। राहगीर धूप
में थोड़ी देर चलने में ही थक जा रहे थे। चौक-चौराहे पर लोग पेड़ों की छांव
में सत्तू तथा बेल व कच्चे आम आदि के शरबत से गला तर करते दिखे। गर्मी में
मौसमी फलों की मांग भी काफी बढ़ गयी है। ककड़ी, खीरा, तरबूज आदि की बिक्री
जोरों पर है।
घरों में भी नहीं है आराम
गर्मी के कहर को बिजली संकट ने बढ़ा दिया है। ऐसे में घरों के अंदर भी
पंखे बंद हो जा रहे हैं। मांग के अनुसार आपूर्ति में बिजली विभाग हांफ रहा
है।