सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों का आपरेशन

नई
दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। सुरक्षा बलों के निशाने पर अब झारखंड-उड़ीसा
सीमा पर फैला सारंडा का जंगल है। अर्से से नक्सलियों की अहम पनाहगाह रहे
इस जंगल में आकाशीय निगरानी से तालमेल बनाकर जमीनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के पहले दिन सुरक्षा बलों को खास सफलता हाथ नहीं लगी। इस बीच
झारखंड और पश्चिम बंगाल में नक्सलियों ने एक-एक व्यक्ति की हत्या कर दी
है।

झारखंड में नक्सलियों के गढ़ सारंडा जंगल में पुलिस और केंद्रीय
रिजर्व पुलिस बल [सीआरपीएफ] का संयुक्त अभियान गुरुवार को तय योजना के
अनुसार शुरू हो गया। अभियान के तहत जमीन पर काबिंग की जा रही है, आकाश से
हेलीकाप्टर के जरिए निगरानी। राज्य मुख्यालय से डीजीपी नेयाज अहमद स्वयं
इस अभियान पर नजर रखे हुए हैं और अभियान से जुड़े अधिकारियों के सीधे
संपर्क में हैं। कोल्हान के डीआईजी मनोज मिश्रा व सीआरपीएफ के डीआईजी भानु
प्रताप सिंह जंगल में कैंप कर रहे हैं।

अभियान के दौरान सारंडा में बालिवा व छोटानागर के बीच तीस किलोग्राम
वजन का केन [देसी] बम मिला। जिसे विस्फोट करके समाप्त कर दिया गया। इसके
अलावा बालिवा से दक्षिण पूर्व की दिशा में पुलिस ने एक पुराने कैंप का पता
लगाया। नक्सली कैंप छोड़कर भाग चुके थे। सारंडा अब तक नक्सलियों के लिए
सबसे सुरक्षित साबित हुआ है। यहां उनके प्रशिक्षण केंद्र तक संचालित होते
रहे हैं, जिन्हें पुलिस समय-समय पर तहस-नहस करती रही है। कार्रवाई के
बावजूद सारंडा में नक्सलियों की हमेशा मौजूदगी रही है। सारंडा जंगल झारखंड
व उड़ीसा के सीमावर्ती क्षेत्र में पड़ता है। जब भी कार्रवाई होती है,
नक्सली इधर से उधर चले जाते हैं। आवागमन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के
कारण इनके खिलाफ कार्रवाई में हमेशा अड़चन आती रही है।

मुखबिरी के संदेह में युवक मारा

इधर माओवादियों ने नक्सल प्रभावित गिरिडीह जिले के रतनजोरी गांव में
एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक रविकांत धान ने बताया
कि 26 वर्षीय किशोर राणा एक समारोह में शामिल होने जा रहा था, तभी
नक्सलियों ने उसकी गोली मारकर हत्या की। नक्सली उसे पुलिस का मुखबिर मान
रहे थे।

माकपा नेता की गोली मार हत्या

पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर जिले की नक्सल प्रभावित झाड़ग्राम
तहसील के लालगढ़ थाना क्षेत्र निवासी माकपा नेता सपन दास की माओवादियों ने
ससुराल से अपहरण कर हत्या कर दी। झाड़ग्राम थाना क्षेत्र के बांधझापा गांव
में बुधवार की देर शाम हुई इस घटना के बाद गुरुवार की दोपहर मौके पर
पहुंची पुलिस ने गोलियों से छलनी शव बरामद किया। मृतक सपन दास लालगढ़ थाना
क्षेत्र के दोमुहानी गांव का निवासी था। वह स्थानीय माकपा समिति का वह
शाखा सचिव था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *