सुरक्षा बलों व नक्सलियों में कदम ताल

नई
दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। नक्सलियों के खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल,
उड़ीसा और बिहार में आपरेशन ग्रीन हंट जारी है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई
ने जिस स्तर का अभियान छेड़ रखा है, उसमें हार्डकोर नक्सलियों का हाथ न
आना, जता रहा है कि वे कहीं दूर-दराज के इलाकों में सुरक्षित निकल गए हैं।

इस बीच नक्सलियों की वारदातें जारी हैं। बुधवार की रात साढ़े दस बजे
माओवादियों ने पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में
बम विस्फोट कर डीवीसी [दामोदर वैली कार्पोरेशन] टावर उड़ाने का प्रयास
किया। टावर को आंशिक नुकसान हुआ है। घटनास्थल पर बम के टुकड़े मिले हैं।
उक्त टावर से 132000 वोल्ट बिजली कोलकाता के लिए आपूर्ति की जाती है।
नक्सलियों की योजना बंगाल में ब्लैक आउट करने की थी।

माओवादियों के खिलाफ जहां पलामू, चतरा, हजारीबाग व लातेहार में ग्रीन
हंट अभियान जोर-शोर से जारी है, वहीं सिंहभूम के पश्चिम बंगाल सीमा से सटे
क्षेत्रों में अभियान के दूसरे चरण की कवायद शुरू हो गई है। सुरक्षा बलों
ने झुमरा पहाड़ी, पारसनाथ, लातेहार के घने जंगलों और हजारीबाग के पहाड़ी
क्षेत्रों के गांवों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इधर गुरुवार को
रांची में आपरेशन ग्रीन हंट के कमांडर विजय रमन ने डीआईजी आलोक राज,
डीआईजी भानुप्रताप सिंह व सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति
का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न जिलों में चल रहे आपरेशन की समीक्षा की।
बैठक में तय किया गया कि झारखंड व पश्चिम बंगाल की सीमा पर फिर से अभियान
चलाया जाएगा। दोनों राज्यों के बीच के उग्रवादियों के आने-जाने के गलियारे
को बंद करने पर विचार हुआ। सूत्रों ने बताया कि अभियान के साथ ही अब
संबंधित क्षेत्रों के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और विकास के
अन्य काम शुरू किए जाएंगे। अभियान के दौरान पुलिस ने घाटशिला के फुलझोर से
एक नक्सली समर्थक लखीद्र मुंडा, लोहरदगा से रमेश लोहरा व परदेसी नायक व
खलारी से प्रकाश गंझू और पिंटू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इनसे
कुछ आग्नेयास्त्र व अन्य सामग्री जब्त हुई है।

पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर में नक्सली नेता बसुदेव महतो की
रिहाई की मांग के समर्थन में आदिवासियों ने मानिकपाड़ा पुलिस थाने में आग
लगाने का प्रयास किया। लगभग डेढ़ हजार आदिवासियों को पुलिस संत्रास
प्रतिरोध जन साधारण समिति का समर्थन प्राप्त था। पुलिस के जवानों ने हमले
को विफल करने के लिए हवाई फायरिंग की। झाड़ग्राम शहर के वार्ड-6 अंतर्गत
बाछुरडोबा स्थित माकपा के शाखा कार्यालय में बुधवार की मध्य रात्रि लगभग
ढाई बजे अज्ञात लोगों ने जमकर तोड़फोड़ के बाद उसे फूंक दिया। घटना में
माओवादियों का हाथ बताया जा रहा है। आगजनी में वहां रखे आवश्यक कागजात व
अन्य सामान जल कर राख हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *