किसानों को उन्नत खेती के गुर सिखाये

लखनऊ, 18 मार्च: इफको द्वारा मोहनलालगंज के तमोरिया गांव में फसल विचार
एवं ग्राम उत्थान विषयक संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें गांव वालों को उन्नत
खेती के बारे में बताया गया और खेतों में प्रदर्शन कर दिखाया गया। किसानों
को संतुलित उर्वरक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान किसानों को
उन्नत कृषि यंत्र, महिलाओं को सिलाई मशीन व टार्च आदि वितरित किया गया।
संगोष्ठी में मृदा वैज्ञानिक डा. केएन तिवारी ने भूमि की कम होती उर्वरा
शक्ति पर चिंता करते हुए फसलों को पोषक तत्वों की सही खुराक देने पर बल
दिया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कम्पोस्ट, हरी खाद, फसल अवशेष,
जैव उर्वरक जैसी चीजों के सही प्रयोग से उर्वरकों की मांग घटाई जा सकती
है। साथ ही मृदा स्वास्थ्य में भी सुधार किया जा सकता है। संगोष्ठी के
मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कौशल राज शर्मा ने इफको के कार्यो की
सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त कृषि निदेशक डा. पीके गुप्ता
ने की। इस अवसर इफको के मंडल प्रबंधक बलवीर सिंह, योगेन्द्र कुमार, बाबू
राम वर्मा, वीके सिंह के अलावा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *