नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो : सरकार द्वारा ऑटो
रिक्शा को दिल्ली से हटाने के प्रस्ताव का विरोध शुरू हो गया है।
बृहस्पतिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों ऑटो चालकों ने भारतीय
मजदूर संघ की अगुवाई वाले दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के नेतृत्व में दोपहर दो
घंटे तक काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री
शीला दीक्षित और परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारेबाजी भी
की। आपरेटरों ने कहा कि किसी भी सूरत में ऑटो रिक्शा को दिल्ली से हटाने
नहीं देंगे।
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के अध्यक्ष नरेश यादव, उपाध्यक्ष जितेन्द्र
कुमार एवं महामंत्री राजिंदर सोनी ने कहा कि सरकार तत्काल फैसला वापस ले,
अन्यथा बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। रोजगार बचाने के लिए सभी ऑटो चालक 22 मार्च
को विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। भाजपा ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ
ने भी सरकार के इस मसले पर कड़ा विरोध जताया है। प्रकोष्ठ ने भी फैसले के
विरोध में दिल्ली में चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। संयोजक आनंद
त्रिवेदी ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए ऐसे बयान दे रही
है।
बता दें कि मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बुधवार को विधानसभा में पूरक
प्रश्नों के जवाब देते हुए ऑटो रिक्शा हटाने की बात कही थी। मुख्यमंत्री
ने माना कि ऑटो रिक्शा वालों का व्यवहार सही नहीं है। वे मनमानी करते हैं,
जिस कारण यात्रियों को परेशानी होती है। इसके अलावा ऑटो रिक्शा ध्वनि
प्रदूषण फैलाते हैं। उनका कहना था कि सरकार ऑटो रिक्शा के विकल्प ढूंढ रही
है।