प्रदेश के विभिन्न अंचलों से राज्य में गर्मी ने तेवर दिखाने
शुरू कर दिए हैं। बाड़मेर में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। वहां का
न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मारवाड़ में
चिलचिलाती धूप और गर्म हवा ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पिछले दो दिनों से
पारा बढ़ने का सिलसिला जारी है। माउंट आबू में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री
पहुंच गया। जयपुर, अजमेर में पारा 36 डिग्री रहा।
बीकानेर, उदयपुर में दिन का तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। शेखावाटी में भी
गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है। सीकर, चूरू में दिन का तापमान ३६ व
न्यूनतम तापमान १७.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में पिछले 24
घंटे में रात्रि का तापमान तीन डिग्री से अधिक बढ़ गया है। मौसम विभाग के
अनुसार इन दिनों आकाश साफ है और वातावरण में शुष्कता कायम है। दिन में धूप
का असर काफी तेज है। इससे दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।