करनाल, जागरण संवाद केंद्र : कर्ण लेक व ओएसिस पर्यटन केंद्र के
कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ रोष जताया। हरियाणा टूरिज्म
कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान मुख्त्यार सिंह व प्रेस सचिव कश्मीर सिंह
ने कहा कि विभाग को लगातार निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है। इसके विरोध में
प्रदेश भर से कर्मचारी 30 दिसंबर को चंडीगढ़ मुख्यालय पर धरना देंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग में स्टाफ की भारी कमी होने के बावजूद
कर्मचारी अपनी मेहनत से विभाग को लगातार मुनाफा पहुंचा रहे हैं। कभी काफी
मशीन के नाम पर, कभी ब्रांडेड फूड के नाम पर सारा काम ठेके पर दिया जाता
है। अब सफाई व सुरक्षा कार्यो के लिए एजेंसियों से टेंडर मांगे हैं। 30
दिसंबर को मुख्यालय पर यह टेंडर खोलने का समय रखा गया है। हरियाणा टूरिज्म
कर्मचारी संघ इसका कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबे
समय से मांगें लंबित पड़ी हैं जिनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
गेट मीटिंग की अध्यक्षता कमल सिंह व सतपाल ने की। संचालन गुलाब सिंह
ने किया। मीटिंग में राज्य उपप्रधान मुख्त्यार सिंह, प्रेस प्रवक्ता
कश्मीर सिंह, बीरबल, रामपाल, सुरेंद्र, अशोक, आनंद, गुरचरण, कर्मबीर, नंद
बहादुर, मदनलाल, इंद्र थापा, शिक्षा देवी, निर्मला, मुलतान, सुंदर, ईशमा,
बलबीर, राजेंद्र, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओमप्रकाश सिंहमार,
सचिव सतपाल सैनी व ब्लाक प्रधान शिवप्रसाद मौजूद रहे।