शिमला : मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कृषि विभाग में विपणन
के लिए शीघ्र ही कृषि प्रसार अधिकारी नियुक्त होंगे ताकि लोगों को उनके
घर-द्वार के समीप विशेष कृषि सेवाएं प्रदान की जा सके। मुख्यमंत्री प्रेम
कुमार धूमल बुधवार को शिमला में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि प्रसार अधिकारियों के 64 और
पद भरने का निर्णय लिया है, जिसमें से 18 पद बैच के आधार पर और शेष पद इस
श्रेणी के लिए तय भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार भरे जाएंगे। राज्य
सरकार कृषि क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को रोजगार प्रदान करने के प्रति
वचनबद्ध है। राज्य सरकार ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को
निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों को फसल विविधिकरण अपनाने के लिए प्रेरित
करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राधिकृत भर्ती एजेंसी के
माध्यम से कृषि प्रसार अधिकारियों की भर्ती की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी
करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि एक मुख्य क्षेत्र है जो लंबे समय से
उपेक्षित रहा है। राज्य की आर्थिकी में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है और
इस क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाकर ही कृषि का विविधीकरण सुनिश्चित बनाया
जा सकता है एवं प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती प्रदान की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध
करवाने के प्रति कृतसंकल्प है और कृषि वैज्ञानिकों को उनके खेतों का दौरा
करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे इन
योजनाओं का लाभ उठाएं। सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में इंटरनेट के
माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान की जानकारी हर समय उपलब्ध है,
इसको जीवनशैली में लाएं।