पुलिस की गोली से महिला की मौत

सासाराम। सोमवार की शाम सासाराम मुफसिल थाना क्षेत्र के बांसा में
ग्रामीणों की भीड़ पर चली पुलिस गोली से एक महिला की मौत हो गयी। एक अन्य
महिला व युवक भी पुलिस की गोली से घायल हुआ है। ग्रामीणों द्वारा किये गए
पथराव में पुलिस जमादार व एक सैफ जवान घायल हुये हैं। घायलों को सदर
अस्पताल लाया गया है। वे खतरे से बाहर बताये जाते हैं।

मुफस्सिल के इंसपेक्टर एनके मिश्रा ने पुलिस द्वारा चलाई गयी गोली की
पुष्टि करते हुये कहा कि स्थिति पूरी तरह काबू में है। हालांकि ग्रामीणों
में पुलिस के प्रति खासा आक्रोश है। 40 वर्षीया मृतका कलावती देवी के
पुत्र कामेश्वर ने बताया कि ग्रामीण गांव के सार्वजनिक नाले की सफाई करा
रहे थे। जिसका विरोध रियाजुद्दीन ठाकुर ने किया। उसकी पहल पर आई पुलिस ने
अनायास ही लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। मुफस्सिल थाने का घायल
जमादार मो. जावेद हुसैन व सैफ जवान कुवर राम ने बताया कि उनके गांव में
पहुंचते ग्रामीणों की उग्र भीड़ उन पर टूट पड़ी। आत्मरक्षार्थ उन्हें चार
चक्र गोलियां चलानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *