पटना देश में पूर्ण शराबबंदी व महिलाओं के लिये आरक्षण बिल पारित कराने के लिये सोमवार को राष्ट्रीय महिला ब्रिगेड के बैनर तले पीली साड़ी पहनी हाथ में तलवार लिये हजारों महिलाएं राजधानी की सड़कों पर उतर गई। ब्रिगेड की ओर से देश में पूर्ण शराब बंदी को ले पहले से ही हुंकार रैली का आयोजन किया गया था। आंदोलन पर उतारु महिलाओं का तेवर आज काफी तल्ख था। संसद के इसी सत्र में अगर उनकी मांगों को पारित नहीं किया जाता है तो फरवरी में ब्रिगेड की ओर से ‘गर्दाझाड़ रैली’ का आयोजन किया गया है।
सोमवार को हजारों महिलाएं पीली साड़ी पहने व हाथों में तलवार लिये गांधी मैदान में जमा हुई। वहां से रैली की शक्ल में फ्रेजर रोड होते हुये स्टेशन होते हुये आर.ब्लाक चौराहा पहुंच गई। रैली यहां पहुंचते ही सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुये ब्रिगेड की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिता सिन्हा ने कहा कि उनकी संगठन की ओर से पूर्ण शराब बंदी व महिला बिल पारित कराने के लिये पिछले कई वर्षो से आंदोलन किया जा रहा है। केन्द्र में सत्ता में बैठी यूपीए की सरकार महिला विरोधी है। शराब से सबसे अधिक परेशान महिलाएं ही होती हैं। उनके पति शराब के चलते घर को बर्बाद कर देते हैं। सरकार इसे बंद करने के बजाय महिलाओं के घर उजाड़ने पर तुली है। इसी तरह महिला आरक्षण बिल पर यूपीए की ओर से चुप्पी साध ली गई है। संसद के इसी सत्र में इसे पारित नहीं किया जायेगा तो लंबी लड़ाई लड़ी जायेगी। इस अवसर पर सभा को संबोधित करने वालों में ब्रिगेड के संस्थापक दिलीप सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष सुषमा सिन्हा, रामचन्द्र यादव, पंकज सिंह, कमल मरिक, पुष्पा पांडेय, सीमा देवी, मंजू यादव, मीरा देवी, टुनटुन देवी, रेणु देवी, मीना देवी, देवशांति देवी, रानी देवी एवं दुर्गा दस्ता की प्रदेश अध्यक्ष नीलम कुमारी व रेहाना परवीन प्रमुख रूप से शामिल थे।