देहरादून। मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि टाटा समूह को उत्तराखंड के विकास में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विस्तार को सरकार हरसंभव प्रोत्साहन देगी।
टाटा समूह के अफसरों ने आज यहां मुख्यमंत्री डा. निशंक ने भेंट कर सूबे में चल रही औद्योगिक इकाइयों के बार में जानकारी दी। सीएम डा. निशंक ने कहा कि देश के इस औद्योगिक घरानों के राज्य के आईटीआई को गोद लेने के साथ ही यहां से निकलने वाले मानव संसाधनों को अपने यहां नियुक्ति भी देनी चाहिए। इन आईटीआई में उद्योग अपनी जरूरत के लिहाज से नए पाठ्यक्रम भी संचालित करवा सकता है। सीएम ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी टाटा समूह से राज्य का भागीदार बनने का आहवान किया। सीएम ने कहा कि सरकार टाटा समूह को पूरा प्रोत्साहन देगी तो टाटा को भी पूरे देश में यह संदेश देना चाहिए कि नैनो का उत्पादन यहीं से हो रहा है। टाटा समूह के महाप्रबंधक एएस पुरी ने बताया कि पंतनगर इकाई में 150 नैनो कार समेत लगभग 950 वाहन रोजाना उत्पादित हो रहे हैं। इस प्लांट का टर्न ओवर इस समय 750 हजार करोड़ प्रतिवर्ष है। लक्ष्य एक वर्ष में पांच लाख वाहनों के उत्पादन का रखा गया है। श्री पुरी ने पंतनगर में हवाई सेवाओं के और अधिक विस्तार के साथ ही पेयजल और रोड कनेक्टिविटी को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि टाटा ने इस समय दो आईटीआई को गोद लेकर इन्हें माडल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुभाष कुमार, अपर सचिव सौरभ जैन, अपर सचिव डा. हेमलता ढौंडियाल के साथ ही टाटा समूह के प्रसन्न कुमार चौबे व अन्य अफसर भी मौजूद रहे।