औरंगाबाद। नक्सली कोहराम से ऊब चुकी पुलिस ने अब कड़ा रुख अख्तियार किया है। औरंगाबाद नक्सली कार्रवाई का केन्द्र बिंदु बना है। सोमवार को झारखंड एवं बिहार पुलिस के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में साझा आपरेशन चलाने का निर्णय किया गया। नक्सलियों को घेरकर मारने की रणनीति बनाई।
बैठक में पलामू के डीआईजी शशिनाथ झा व शाहाबाद के एके अम्बेडकर ने कहा कि हम मिलकर लड़ेगे। नक्सलियों को ढूंढकर उनकी मांद में मार गिराया जाएगा। डीआईजी श्री अम्बेडकर ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान में जगुआर, सीआरपीएफ व सैप को लगाया जाएगा। अभियान के लिए केन्द्र सरकार विशेष बल भेज रही है। विधानसभा चुनाव से पहले संयुक्त कांम्बिग आपरेशन शुरू होगा जो नक्सलियों के सफाया तक जारी रहेगा। कार्रवाई में संचार व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन का लाभ उठाया जाएगा। डीआईजी ने बताया कि ऐसी बैठकें निचले स्तर पर आयोजित की जाएंगी। बैठक में गया एसपी सुशील खोपड़े, रोहतास के विकास वैभव, औरंगाबाद के निशांत कुमार तिवारी, पलामू के जतीन्द्र नरवाल, सीआरपीएफ कमांडेंट सुमेर सिंह शेखावत, डिप्टी कमांडेट अनिल कुमार सिंह उपस्थित थे।