पानी है पर मिलता नहीं

सागर. राजघाट बांध में पर्याप्त पानी आ जाने के बाद भी शहर के लोगों को नलों से पानी आने का दिनभर इंतजार रहता है। नवरात्रि में भी नगर निगम समय पर पानी नहीं दे पा रहा है। पानी सप्लाई का कोई समय तय नहीं है। राजघाट बांध द्वारा शहर में 6 ओवर हेड टैंक से पानी सप्लाई किया जा रहा है।

जल प्रदाय विभाग की वितरण व्यवस्था में खोट का खामियाजा शहर की जनता भुगत रही है। विभाग में भारी भरकम अमला होने के बाद भी लोगों को समय पर पानी नहीं मिल रहा है। नगर निगम की जोन सिस्टम व्यवस्था भी गड़बड़ा गई है। इसका मुख्य कारण ओवरहेड टैंक को भरने वाली पाइप लाइन में आए दिन लीकेज होना है। आईजी बंगले से परकोटा तक बिछाई गई पाइप लाइन में टेस्टिंग के दौरान ही कई जगह से लीकेज हो गए हैं। जिससे क्षेत्र के लाजपतपुरा, शुक्रवारी, शनीचरी, दयानंद, परकोटा, कटरा, रामपुरा वाडरें में पानी सप्लाई का समय तय नहीं है।

शाम सात बजे आया पानी

दयानंद वार्ड की रजिया बेगम का कहना है कि शनिवार को पानी आने का दिनभर इंतजार करना पड़ा। शाम सात बजे वार्ड में पानी सप्लाई किया गया। उन्होने कहा कि रमजान माह में तो समय पर पानी देना चाहिए।

कीचड़ और कीड़े आते हैं

लाजपतपुरा वार्ड में नलों से पानी आने से पहले करीब 10 मिनट तक कीचड़ और बंद होते समय सफेद और लाल रंग के कीड़े निकल रहे हैं। रामप्रसाद रजक ने बताया कि बर्तन की तलहटी में कचरे की परत जमा हो जाती है। वार्ड के लोग पेटदर्द और उल्टी-दस्त के शिकार हो रहे हैं।

गड्ढे बंद नहीं किए

शुक्रवारी निवासी सनत जैन का कहना है कि वार्ड में कुछ लोगों ने पाइप लाइन के किनारे गड्ढे खोद लिए हैं। वे गड्ढों से पानी भरते हैं। जिससे कचरा लाइन में भर जाता है और मटमैला पानी आने लगता है। नगर निगम द्वारा यह गड्ढे अभी तक बंद नहीं कराए गए हैं।

गड्ढा बनाने सड़क खोदी- शुक्रवारी वार्ड में पिछले माह बनी सीमेंट क्रांकीट सड़क को कुछ लोगों ने खोद कर गड्ढे बना लिए हैं। लाइन में प्रेशर से पानी आने के बाद भी गड्ढों से लोग पानी भरते हैं। कुछ दिन पहले लाइन में पत्थर फंस जाने से लोगों को चार दिन पानी से वंचित होना पड़ा।

समय तय किया जाए

कटरा वार्ड निवासी लाखन सिंह ठाकुर का कहना है दिनभर पानी का इंतजार करना पड़ता है। निगम प्रशासन को नवरात्रि, ईद, दशहरा और दीवाली जैसे त्योहार पर पानी सप्लाई करने का समय तय करना चाहिए। इसकी सूचना समाचार पत्रों के माध्यम से जनता को दी जाए।

अब तो नियमित पानी मिले

शहर में पिछले 6 माह से एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है। वर्तमान में राजघाट बांध लबालब है। इसके बाद भी नियमित पानी नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कित्योहारों के समय नपा को रोजाना पानी की सप्लाई करना चाहिए।

ऐसे होगी समस्या हल

जलप्रदाय विभाग ननि के कार्यपालन यंत्री लखन साहू का कहना है कि सेंट्रल जोन से इन वाडरें में पानी सप्लाई किए जाने से व्यवस्था में सुधार आएगा। विश्वविद्यालय पहाड़ी पर संपवैल बनाया गया है। बिजली का कनेक्शन होना बाकी है इसमें समय लग सकता है। कनेक्शन होते ही लोगों को समय पर पानी मिलने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *