नई दिल्ली. देश के 40 हजार वर्ग किमी क्षेत्र में नक्सलियों का कब्जा है और इन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह खुलासा संसदीय पैनल के समक्ष किया है। संसदीय पैनल की बैठक बुधवार को प्रधानमंत्री के उस बयान के बाद बुलाई गई थी, जिसमें उन्होंने नक्सलवाद को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था।
आंतरिक मामलों पर संसद की स्थाई समिति की पहली बैठक में गृह मंत्रालय के सचिव जीके पिल्लई ने यह जानकारी दी। भाजपा नेता वेंकैया नायडू की अध्यक्षता वाली इस समिति की करीब तीन घंटे चली यह बैठक तेजी से बढ़ती नक्सल समस्या और उसके खिलाफ कार्रवाई की तात्कालिक जरूरत पर केंद्रित थी।
गौरतलब है कि राज्यों के पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों की बैठक में गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने बताया था कि नक्सलियों ने अपना प्रभाव क्षेत्र देश के 20 राज्यों तक बढ़ा लिया है। देश के 223 जिलों के दो हजार से ज्यादा थाना क्षेत्र इस समस्या से पूरी या आंशिक तौर पर प्रभावित हैं।